इंदौर (04 नवंबर 25)। शहर से 40 किमी दूर सिमरोल के भेरूघाट में सोमवार उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब ओंकारेश्वर से इंदौर आ रही प्राइवेट बस (क्रमांक एमपी 13 जेडई 4895) खाई में गिर गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिसमें से तीन की मौत हो गई और करीब 19 घायल हुए। घटना रात करीब 9.39 बजे की है। घायलों को तत्काल एंबूलेंस की मदद से महू के मध्य भारत और कुछ को इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा गया। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था। एक मोड़ पर बस ने संतुलन खो दिया और 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
बस के खाई में गिरने के बाद रोड से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोगों ने बस के कांच तोड़कर यात्रियों का रेस्क्यू किया। खाई में गिरी बस में फंसे यात्रियों को बचाने के लिए ग्रामीण उतरे और सब्बल और रॉड से बस के शीशे तोड़े और यात्रियों को निकाला। अंधेरा होने के कारण बचाव के काम में परेशानी भी आई। इंदौर से दस से ज्यादा एम्बुलेंस मौके पर घायलों को लेने पहुंची। घटना के बाद भेरुघाट पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले ट्रैफिक बहाल करवाया, ताकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी न आए। ओंकारेश्वर से इंदौर आने वाली मां शारदा ट्रेवल्स की यह बस प्रतिदिन ओंकारेश्वर से शाम 7.30 बजे निकलती है। इस बस में ज्यादातर यात्री इंदौर होते हुए महाकाल जाने वाले होते हैं। घटना वाले दिन भी इस बस में गुजरात और महाराष्ट्र के यात्री सबसे अधिक थे, जो ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए गए थे।