धार (22 मई 26)। हाईकोर्ट द्वारा भोजशाला को मंदिर मनाने के ऐतिहासिक निर्णय के बाद आज 22 मई को पहला शुक्रवार हैं, इसको लेकर धार पुलिस से लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शहर में शांति बनाएं रखने के लिए 2200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, गुरुवार दोपहर तक सभी अधिकारी धार पहुंचे और शाम के समय शहर में तिरंगा लेकर पुलिसकर्मी फ्लैग मार्च में शामिल हुए। शुक्रवार को आने वाली बसंत पंचमी के बाद पहली बार ऐसा मौका हैं, कि धार में इतनी बडी संख्या में पुलिस बल रहेगा।
धार एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि शहर की सुरक्षा को तीन लेयर में विभाजित किया गया है। जिसमें पहली लेयर भोजशाला के भीतर, दूसरी लेयर भोजशाला सहित आसपास का 50 मीटर तथा अंत में शहर की सुरक्षा को तीसरी लेयर में विभाजित किया गया है। पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम सक्रियता बढा दी गई हैं, शुक्रवार को किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर महज डेढ मिनट में बाइक पुलिस टीम गली से लेकर मोहल्ले तक पहुंच जाएगी। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। जेल वाहन, वज्र वाहन, फायर बिग्रेड से लेकर एंबुलेंस भी अलर्ट मोड पर हैं, प्रशासन ने गिरफ्तार पुलिस पार्टी बनाई है, जो किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत एक्टिव होगी। साथ ही अस्थाई जेल की व्यवस्था भी की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दो सीआरपीएफ, 10 एसएएफ की टीम धार पहुंच चुकी है। साथ ही दो एएसपी, 15 डीएसपी, 30 थाना प्रभारी सहित महिला बल, यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। इंदौर ग्रामीण क्षेत्र के जिलों सहित भोपाल, मंदसौर, रतलाम जिलों का पुलिस बल भी आया है। दो अश्वारोही दल भोजशाला चौकी परिसर के आसपास ही भ्रमण करते रहेंगे। बीडीएस सिस्ट म, ओपन बॉडी वाहन से लेकर लाईट मशीन गन भी सुरक्षा के चलते मौजूद रहेगी। चार ड्रोन कैमरों, 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से चप्पेई-चप्पेक पर नजर रखी कंट्रोल रूम से रखी जाएगी। पुलिस मोबाइल वाहन, बाइक पुलिस टीम भी सुबह से लेकर देर रात तक भ्रमण करती रहेगी, शहर के सभी धार्मिक स्थानों पर पुलिस जवान मौजूद रहेंगे। नगर की ऊंची इमारतों से भी जवान मोहल्लों में नजर बनाए रखेंगे।
आयोजन की अनुमति नहीं - प्रशासन की और से गुरुवार दोपहर एक सूचना जारी की गई, जिसमें बताया कि 22 मई को दोपहर के समय जुलूस व महाआरती के संबंध में कोई अनुमति प्रदान नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर अफवाह फैलाई जा रही हैं, इधर प्रशासन ने पूर्ण रुप से स्पष्ट किया कि धार में धारा 144 लागू है। जिसका पालन अब प्रशासन करवाएगा।