भोपाल (23 फरवरी 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के कैपिटल सिटी भोपाल में जीआईएस का आयोजन पहली बार हो रहा है। आने वाली 24 एवं 25 फरवरी भोपाल शहर के लिए एक नया इतिहास लिखने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन के लिए चल रही व्यापक तैयारियों का मुआयना लिया। उन्होंने कहा कि निवेशक हमारे विशेष मेहमान हैं, उनके स्वागत में हम कोई भी कमी नहीं रखेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मानव संग्रहालय के सम्पूर्ण परिसर का निरीक्षण कर जीआईएस की तैयारियों का बारीकी से मुआयना किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम स्थल में आगमन से लेकर प्रस्थान तक की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदेशों से आने वाली डेलीगेट्स के लिए अलग से बैठक व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में किसी भी तरह का तकनीकी व्यवधान न आने पाए। साउंड सिस्टम और बेहतर करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल की महापौर मालती राय और प्रमुख सचिव औद्योगिक निवेश एवं प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह से कहा कि मानव संग्रहालय के आंतरिक परिसर का और अधिक सौन्दर्यीकरण किया जाए। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी सहित व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।