भोपाल (12 मई 26)। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में भोपाल में आयोजित होने जा रही भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 हॉकी सीरीज के लिए भारतीय एवं ऑस्ट्रेलियाई जूनियर टीमें आज राजधानी भोपाल पहुंचीं। राजा भोज एयरपोर्ट पर दोनों देशों के खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ का खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। खिलाड़ियों को पारंपरिक तरीके से शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की गई।
यह अंतरराष्ट्रीय हॉकी श्रृंखला 15 मई से 20 मई 2026 तक भोपाल स्थित उधवदास मेहता (भाई जी) सेंट्रल सेंटर में आयोजित की जाएगी। सीरीज में भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई अंडर-18 पुरुष एवं महिला टीमें आमने-सामने होंगी। यह प्रतियोगिता आगामी एशिया कप की तैयारियों के दृष्टिगत बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त होगा। श्रृंखला के अंतर्गत पुरुष वर्ग के मुकाबले 15 मई, 17 मई, 18 मई एवं 20 मई को खेले जाएंगे। वहीं महिला वर्ग के मैच भी इन्हीं तिथियों में आयोजित होंगे। सभी मुकाबले उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल सेंटर, भोपाल में होंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी, भोपाल के कुल 10 खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन हुआ है। पुरुष टीम में आयुष रजक, अंश बहुत्रा, करण गौतम, अवि माणिकपुरी, सिद्धार्थ बेन और गाज़ी खान शामिल हैं। वहीं महिला टीम में स्नेहा दावड़े, महक परिहार, नम्मी गीताश्री और नौशीन नाज़ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। घरेलू मैदान पर खेलने को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। भोपाल में लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के सफल आयोजन से मध्यप्रदेश देश के प्रमुख खेल केंद्रों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। आधुनिक खेल सुविधाओं, उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और खेल अकादमियों की बदौलत प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय टीमों में स्थान बना रहे हैं।