जिरिबाम (12 नवंबर 24)। मणिपुर के जिरिबाम जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 11 संदिग्ध उग्रवादी मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोरोबेकरा उप-मंडल के जकुराडोर करोंग में यह मुठभेड़ हुई जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान भी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि जकुराडोर करोंग में हथियारों से लैस इन उग्रवादियों ने कुछ मकानों पर हमला करने के अलावा कई दुकानों में आग लगा दी तथा एक नजदीकी सीआरपीफ शिविर पर धावा बोल दिया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई। अधिकारियों ने बताया कि पांच नागरिक अब भी लापता हैं और यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें वहां से भाग रहे उग्रवादियों ने अगवा कर लिया या फिर वे हमला शुरू होने के बाद छिप गये। उन्होंने इस मुठभेड़ में मारे गये लोगों के शवों को बोरोबेकरा थाना लाया गया । उन्होंने बताया कि घायल सीआरपीएफ जवानों में एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
इससे पहले मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों में पिछले तीन दिनों के भीतर तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कई हथियार, गोलाबारूद एवं आईईडी जब्त किए हैं। असम राइफल्स ने सोमवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।बयान में कहा गया है कि असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले के एल खोनोमफाई गांव से सटे जंगल में एक अभियान के दौरान एक .303 राइफल, दो नौ एमएम पिस्तौल, छह 12 सिंगल बैरल राइफल, एक .22 राइफल, गोला-बारूद और अन्य युद्ध संबंधी सामान जब्त किया। कांगपोकपी जिले के एस चौंगौबंग और माओहिंग के बीच संयुक्त टीम द्वारा एक अन्य अभियान में एक 5.56 मिमी इंसास राइफल, एक प्वाइंट 303 राइफल, दो एसबीबीएल बंदूकें, दो 0.22 पिस्तौल, दो इंप्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लांचर, ग्रेनेड, गोला-बारूद भी जब्त किया गया।