नईदिल्ली (07 जुलाई 24)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को मणिपुर जाएंगे, जहां वह विभिन्न जिलों में हिंसा प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस की मणिपुर इकाई के अध्यक्ष के. मेघचंद्र ने कहा कि गांधी विमान से दिल्ली से सिलचर जाएंगे और वहां से जिरीबाम जिले में जाएंगे, जहां छह जून को ताजा हिंसा हुई थी।
मणिपुर में हिंसा आरंभ होने के बाद राहुल गांधी की यह तीसरी यात्रा होगी। वह पिछले साल मई में हिंसा शुरू होने के कुछ हफ्ते बाद ही मणिपुर गए थे और इस साल की शुरुआत में ही उन्होंने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' भी मणिपुर से निकाली थी। मेघचंद्र ने कहा, ‘गांधी जिले में कुछ राहत शिविरों का दौरा करेंगे। फिर वह सिलचर हवाई अड्डा लौटेंगे और वहां से इंफाल के लिए उड़ान भरेंगे।' उन्होंने कहा कि इंफाल में उतरने के बाद राहुल चुराचांदपुर जिले में पहुंचकर राहत शिविरों में रहने वाले लोगों से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि चुराचांदपुर से गांधी सड़क मार्ग से बिष्णुपुर जिले के मोइरंग पहुंचेंगे और कुछ राहत शिविरों का दौरा करेंगे। इसके बाद वह इंफाल लौटेंगे, जहां राज्यपाल अनुसुइया उइके से उनकी मुलाकात की योजना बनाई जा रही है। मेघचंद्र ने कहा कि इसके बाद वह राज्य से रवाना हो जाएंगे। लोकसभा चुनाव के बाद राहुल की यह पहली मणिपुर यात्रा है, जहां की दोनों संसदीय सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।