नईदिल्ली (26 जनवरी 25)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पहली बार निर्वाचन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए झारखंड राज्य को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का नेशनल अवार्ड प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति मुर्मू ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को इसके लिए नई दिल्ली के जोरावर ऑडिटोरियम, मानेकशॉ सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे सभी बीएलओ, सभी मतदान कर्मी, पुलिस के पदाधिकारी, सुरक्षा बलों के जवानों, राजनीतिक दलों एवं मीडिया के बंधुओं को उनके निर्वाचन के दौरान अपने कर्तव्य के निर्वहन के लिए धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि लोकसभा निर्वाचन 2024 एवं विधानसभा निर्वाचन 2024 का स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वहन का श्रेय निर्वाचन कार्य के सभी स्टेकहोल्डर को जाता है। हम सब के सम्मिलित प्रयास से आज राज्य को यह सम्मान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष हुए लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के नेतृत्व में राज्य में कई नवाचार किए गए थे, जिसमें मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को एकीकृत एवं समावेशी बनाते हुए इसकी त्रुटियों को शून्य स्तर पर लाने का प्रयास किया गया था। इसके तहत बीएलओ द्वारा कई बार प्रत्येक घरों के मतदाताओं का सत्यापन करते हुए उनके घरों पर स्टीकर चिपकाया गया था। पीवीटीजी मतदाताओं के लिए विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य किया गया था। वहीं मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित न्यून्तम सेवाओं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर एवं रैंप आदि की व्यवस्था की गई थी। झारखंड के सुदूर क्षेत्र के मतदाताओं के लिए उनके गांव में ही मतदान केंद्रों का निर्माण कराने के साथ ही 2 किलोमीटर से अधिक दूर वाले मतदान केन्द्रों के लिए वाहन की भी व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही ऐसे कई नक्सल प्रभावित क्षेत्र भी थे जहां इस बार पहली बार मतदाताओं ने शांतिपूर्ण मतदान किया।