भोपाल (11 मई 24)। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने चतुर्थ चरण में जिन संसदीय क्षेत्र में मतदान होना है, उनसे संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी विभागों के समन्वय से 'चलें बूथ की ओर' अभियान गंभीरता पूर्वक चलाएं। उन्होंने कहा है कि मतदान के एक दिन पहले 12 मई को प्रत्येक मतदान केंद्र के क्षेत्र में रैली की जाए, जिससे मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा सके।
राजन ने कहा है कि मतदाता पर्ची एवं वोटर गाईड का विधिवत वितरण कराया जाये। इसे भी एक उत्सव का स्वरूप दिया जाकर इसमें पीले चावल इत्यादि मतदाताओं को देकर मतदान के लिए आमंत्रित किया जाएं। नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता वाहनों के माध्यम से उद्घोषणा कराकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों के माध्यम से डोंडी पिटवाकर मतदान की तिथि, समय तथा आवश्यक 13 दस्तावेजों की जानकारी दी जाएं। यह जानकारी मतदान के एक दिवस पूर्व तथा मतदान दिवस के दिन भी दी जाएं।