नईदिल्ली (27 दिसंबर 24)। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेस समेत पूरे देश में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार और कांग्रेस पार्टी ने सात दिनों के अपने पूरे कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। खरगे समेत कई नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। बता दें, गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी जिसके बाद उन्हें दिल्ली एम्स के आपातकाल विभाग में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, डॉ. मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे, जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।
पूर्व पीएम सिंह के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका वाड्रा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता शरद पंवार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डॉ. मोहन यादव, देवेंद्र फडणवीस, भजनलाल, नितीशकुमार, हेमंत विस्वशर्मा, केसी वेणुगोपाल सहित कई हस्तियों ने शोक जताया है।