भोपाल (28 जून 24)। म.प्र. मानव अधिकार आयोग में प्रतिवर्ष संचालित होने वाले ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन सत्रों में विधि संकाय के विद्यार्थियों के लिये एक माह का इंटर्नशिप कार्यक्रम कराया जाता है। इसी तारतम्य में ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम 03 जून 2024 से 28 जून 2024 तक की अवधि में देश के प्रतिष्ठित विधि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्यनरत् विधि संकाय के विद्यार्थियों को मानव अधिकार एवं आयोग की कार्यप्रणाली सहित विभिन्न विधि विषयों पर विभिन्न रिसोर्स पर्सन द्वारा प्रशिक्षण दिलाया गया।
इंटर्नशिप में मुख्य रूप से राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय भोपाल, जागरण लेक सिटी विश्वविद्यालय भोपाल, करियर कॉलेज ऑफ लॉ भोपाल, वनस्थली विद्यापीठ विश्वविद्यालय राजस्थान, ओ.पी. जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय सोनीपत, हरियाणा, राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, पंजाब, अजिंक्य डी वाई पाटिल विश्वविद्यालय लोहेगांव पुणे, महाराष्ट्र, राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय नागपुर, धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जबलपुर, मंगलायतन यूनिवर्सिटी जबलपुर, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर सहित अन्य विश्वविद्यालयों के विद्यार्थीगण ने भाग लिया।
मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष मनोहर ममतानी ने 03 जून 2023 को प्रशिक्षण का विधिवत् शुभारंभ किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में उपस्थित विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुये उन्हें पूर्ण लगन से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिये निर्देशित किया। आयोग के सदस्य राजीव कुमार टंडन ने मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 सहित आयोग में प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।