Thursday, 01 Oct 2026

मप्र में 'हर गरीब को पक्का मकान' का संकल्प होगा पूरा: सीएम

भोपाल (16 जनवरी 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि हर गरीब को पक्का मकान मिले। पूरे देश में अभी तक 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिलवाए जा चुके हैं। मध्यप्रदेश में पुराने सर्वे के अनुसार 16 लाख हितग्राहियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने हैं, आज मध्यप्रदेश को 8.5 लाख नए आवास मिले हैं। इसके बाद पुनः सर्वे कराया जाएगा, कोई भी गरीब पक्के मकान के बिना नहीं रहेगा। मध्यप्रदेश में 'हर गरीब को पक्का मकान' उपलब्ध कराने का संकल्प पूरा होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को विदिशा में 'प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन लक्ष्य का आवंटन' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश कराया और लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने क्षेत्र के लिए 177 करोड़ 53 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास और प्रधानमंत्री जनमन आवास रिकॉर्ड समय में बनाए गए। प्रधानमंत्री जनमन योजना में पहली सड़क भी मध्यप्रदेश में बनाई गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में आज मध्य प्रदेश को 8 लाख 21 हजार 190 आवास दिए जा रहे हैं, आगामी अप्रैल मई में इतने ही आवास प्रदेश को और दिए जाएंगे। उन्होंने आवासों की स्वीकृति से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सौंपा। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री लखन पटेल उपस्थित थे।


Tags:

Follow us

This question is not available..!