सिवनी/कटनी (09 नवंबर 26)। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले और कटनी जिले में से अलग-अलग भयानक हादसे की खबर सामने आ रही है। जहां सिवनी में दीपावली की रात एक नामी व्यापारी के तीन मंजिला मकान में आग लगी है। हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, कटनी में भी दुकान में भीषण आग लग गई। जिसमें परिवार के 6 लोगों की मौत की सूचना मिली है। मृतकों में 2 माह का मासूम भी शामिल है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार, दिवाली के अगले दिन यानी आज तड़के करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास स्थित सराफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के मकान में आग लग गई। इस दौरान घर में करीब 10 लोग मौजूद रहे थे। सभी दीपावली का पर्व मनाने के बाद सो रहे थे। वहीं, अज्ञात कारणों की वजह से घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक परिवार के 6 लोग जिंदा जल चुके थे। जबकि चार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने बताया की फिलहाल, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
इसी तरह रविवार को दिवाली की रात मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही इलाके में प्लास्टिक के सामान की एक थोक दुकान में आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। आग तीन मंजिला इमारत की निचली मंजिल पर स्थित दुकान में लगी। ऊपर की मंजिलों पर रह रहे परिवार के छह सदस्य आग की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस के उप-विभागीय अधिकारी (SDOP) वीरेंद्र नार्वे ने बताया कि मृतकों में लगभग 70 वर्ष की आयु के दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। नार्वे ने कहा, 'यह दुकान पूरन लाल अग्रवाल की थी। निचली मंजिल पर प्लास्टिक के सामान का काम होता था, जबकि ऊपरी मंजिल पर उनका परिवार रहता था। उन्होंने बताया कि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, जो जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा, 'फिलहाल आग लगने का कारण पता नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि शायद किसी दीये या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो; हालांकि, जांच के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के अधिकारी विजयांश चौधरी ने बताया कि बचाव अभियान लगभग साढ़े पांच घंटे तक चला, जिसमें मुख्य बचाव कार्य साढ़े तीन से चार घंटे तक चला। उन्होंने पुष्टि की कि छह शव बरामद किए गए हैं। चौधरी ने कहा, 'बचाव अभियान लगभग साढ़े पांच घंटे तक चला, जिसमें मुख्य बचाव कार्य साढ़े तीन से चार घंटे तक चला। पूरा बचाव अभियान दमकल विभाग की गाड़ियों की मदद से चलाया गया। फिलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है, लेकिन अभी भी धुआं निकल रहा है, जिससे लोगों में चिंता है। हम इस स्थिति को संभालने के लिए लगातार कदम उठा रहे हैं ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो। कुल छह शव बरामद किए गए हैं।'
'