Monday, 28 Sep 2026

मप्र हैल्थ केयर फैसिलिटी, इनोवेशन में निभा रहा अग्रणी भूमिका: नड्डा

जबलपुर (25 अगस्त 25)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रसाद नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरगामी सोच से हमारा देश बदल रहा है। हम विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं के विस्तार में भारत ने पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है। दिल्ली से स्वास्थ्य सुधार के लिए तैयार की गई योजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व तरीके से अमली जामा पहनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश का प्रदर्शन देश के दूसरे राज्यों के लिए एक उदाहरण बन रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार, विस्तार और नवाचार में मध्यप्रदेश नेतृत्व कर रहा है।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा सोमवार को जबलपुर के घंटाघर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस सांस्कृतिक सूचना केन्द्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रिमोट का बटन दबाकर श्योपुर और सिंगरौली जिले में नवनिर्मित नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का वर्चुअली लोकार्पण किया। केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने इन दोनों मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कोर्स की 100-100 सीटों के प्रवेश के लिए केन्द्र सरकार की ओर से लैटर ऑफ परमिशन भी राज्य सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि लैटर ऑफ परमिशन के जरिए इन दोनों मेडिकल कॉलेज के संचालन और प्रवेश की प्रक्रिया भी आज से ही प्रारंभ कर दी गई है। नड्डा ने कहा कि हमारी नई स्वास्थ्य नीति में हमने प्रिवेन्टिव और प्रमोशनल हेल्थ केयर पर फोकस किया। केन्द्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में बैतूल, पन्ना, धार और कटनी जिले में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर स्थापित होने वाले नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के लिए संबंधित निवेशक समूहों के साथ अनुबंध पत्रों पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान भी किए गए। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीमारों का दर्द कोई नहीं जानता, पर हमारी सरकार बीमारी का इलाज और बीमार की मदद की व्यवस्था भी कर रही है। सिर्फ इलाज ही नहीं बीमारियों के शोध कार्यों को भी हम प्रोत्साहित कर रहे हैं। उप-मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में अब 19 सरकारी मेडिकल कॉलेज और 13 निजी मेडिकल कॉलेज हैं। भोपाल में एक एम्स भी है। प्रदेश में भविष्य में 26 शासकीय मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर (वर्चुअली), लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, विधायक एवं अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, सांसद वीडी शर्मा, आशीष दुबे, राजेश मिश्रा, शिव मंगल सिंह (वर्चुअली), राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीक, महापौर जगतबहादुर सिंह, विधायकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!