उज्जैन (22 जुलाई 26)। श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार को श्रद्धा और आस्था का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। जबलपुर से आए श्रद्धालु दंपति ने भगवान महाकाल को दुनिया के सबसे महंगे माने जाने वाले मियाजाकी आम सहित कई विदेशी प्रीमियम किस्मों के आम भोग स्वरूप अर्पित किए। दुर्लभ फलों की यह भेंट मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय रही।
जबलपुर निवासी संकल्प सिंह परिहार और उनकी पत्नी रानी सिंह ने पूजन-अर्चन के बाद लगभग तीन किलो वजन के आठ विशेष हाइब्रिड आम भगवान महाकाल को अर्पित किए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन आमों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है। रानी सिंह ने बताया कि भगवान महाकाल को अर्पित किए गए आमों में जापान की प्रसिद्ध मियाजाकी किस्म भी शामिल है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.70 लाख रु. प्रति किलोग्राम तक मानी जाती है। इसके अलावा आॅस्ट्रेलियन मैंगो, आर2-ई2 और अन्य प्रीमियम विदेशी किस्मों के आम भी भोग में शामिल किए गए।
2014 से कर रहे अर्पित
परिहार दंपति ने बताया कि उनका महाकाल हाइब्रिड फार्म लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। फार्म की सफलता को वे भगवान महाकाल का आशीर्वाद मानते हैं। इसी श्रद्धा के चलते वर्ष 2014 से प्रत्येक सीजन की पहली फसल सबसे पहले बाबा महाकाल को अर्पित करने की परंपरा निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फार्म में मियाजाकी, ब्लैक मैंगो, मल्लिका, आम्रपाली सहित 24 से अधिक किस्मों के करीब 1000 आम के पेड़ हैं। इसके साथ ही कई विशेष और दुर्लभ प्रजातियों की खेती भी की जा रही है। पिछले करीब 15 वर्षों से वे विदेशी और हाइब्रिड किस्मों के आमों का उत्पादन कर रहे हैं।