Saturday, 03 Oct 2026

महाकुंभ जाने वाली ट्रेन में जमकर हुई तोड़फोड़

मधुबनी (11 फरवरी 25)। महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं का भारी तांता देखा जा रहा है, जिससे यात्री यात्रा के दौरान परेशान हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन परेशानियों से जुड़ा एक भयावह वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जयनगर से दिल्ली वाया प्रयागराज जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच का कांच तोड़ा जा रहा है। यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

वीडियो में दिखाया जा रहा है कि जब स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन मधुबनी स्टेशन पर पहुंची, तो यात्रियों की भारी भीड़ पहले से प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। ट्रेन के दरवाजे बंद थे और यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में परेशानी हो रही थी। इस कारण गुस्साए यात्रियों ने एसी कोच के कांच तोड़ दिए, जिससे कोच में सफर कर रही एक महिला को गर्दन पर चोट आ गई। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि ट्रेन का एसी कोच खचाखच भरा हुआ था और लोग दरवाजे बंद होने से परेशान थे। महिलाओं और बच्चों के लिए यह एक भयावह स्थिति बन गई थी।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि यात्री अंदर चढ़ने के लिए उतावले थे, क्योंकि कुंभ मेले में भारी भीड़ का सामना कर रहे थे। ट्रेन में जगह नहीं थी और जब दरवाजे बंद थे तो परेशान यात्री बाहर से ट्रेन के कांच पर लात मारकर उन्हें तोड़ने की कोशिश करते हैं। यह स्थिति तब और बढ़ जाती है, जब ट्रेन का कांच टूटकर एक महिला यात्री पर गिरता है और महिला को गर्दन पर चोट लग जाती है। महिला गुस्से में बाहर खड़े लोगों पर भड़क जाती है, लेकिन परिवार के लोग उसे शांत कराते हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!