Monday, 28 Sep 2026

महाकुंभ में भारी जाम, प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन बंद

प्रयागराज (10 फरवरी 25)। महाकुंभ मेले में स्नान पर्व के इतर आम दिनों में अनुमान से कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से प्रयागराज की चारों दिशाओं से आने वाले मार्गों पर रविवार को कई कई घंटों का जाम लगा रहा। स्टेशन के बाहर अधिक भीड़ होने से प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन बंद कर दिया गया। मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, रविवार शाम आठ बजे तक 1.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया तथा 13 जनवरी से नौ फरवरी तक 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालु महाकुंभ में गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। रायबरेली से आए श्रद्धालु राम कृपाल ने बताया कि लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर फाफामऊ से पहले वह पांच घंटे जाम में फंसे रहे और फिर किसी तरह बेला कछार में वाहन खड़ा कर पैदल ही वहां से संगम घाट के लिए निकल पड़े। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स' पर जाम की स्थिति को लेकर पोस्ट किया, 'प्रयागराज महाकुंभ में फंसे करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए तुरंत आपातकालीन व्यवस्था का जाए। हर तरफ जाम में भूखे-प्यासे, बेहाल और थके तीर्थयात्रियों को मानवीय दृष्टि से देखा जाए। आम श्रद्धालु क्या इंसान नहीं हैं।' उन्होंने लिखा, 'प्रयागराज में प्रवेश के लिए लखनऊ की तरफ 30 किलोमीटर पहले से ही नवाबगंज में जाम, रीवा रोड की तरफ से गौहनिया में 16 किलोमीटर पहले से जाम और वाराणसी की तरफ 12 से 15 किलोमीटर के जाम और ट्रेन के इंजन तक में भीड़ के प्रवेश कर जाने के समाचार हर जगह प्रकाशित हो रहे हैं। आम जनजीवन दूभर हो गया है।' 


Tags:

Follow us

This question is not available..!