प्रयागराज (12 जनवरी 25)। महाकुंभ मेले जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में हर साल लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के जोखिम से बचने के लिए फिनटेक कंपनी फोनपे ने एक नया इंश्योरेंस प्लान 'महाकुंभ मेला सुरक्षा' लॉन्च किया है। इसे आईसीआईसीआई लोम्बार्ड के साथ साझेदारी में पेश किया गया है।
यह इंश्योरेंस प्लान श्रद्धालुओं की यात्रा के दौरान होने वाले विभिन्न जोखिमों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इस प्लान की कीमत 59 रुपए से लेकर 99 रुपए तक है, और इसमें 50,000 रुपए तक का मेडिकल और अन्य प्रकार का कवरेज दिया जाता है। इस प्लान के 2 विकल्प हैं, सिल्वर प्लान- जो बस और ट्रेन से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए है। गोल्ड प्लान- जो फ्लाइट से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए है। यह प्लान 10 जनवरी से 28 फरवरी 2025 तक के लिए वैध रहेगा। श्रद्धालु इसे फोनपे ऐप पर 25 फरवरी 2025 तक खरीद सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत मेडिकल इमरजेंसी, एक्सीडेंट, यात्रा रद्द होने, सामान खोने जैसी स्थितियों पर कवरेज मिलेगा।