Monday, 28 Sep 2026

महाकुंभ: बसंत पंचमी पर अमृत स्नान संपन्न

प्रयागराज (04 फरवरी 25)। महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान बसंत पंचमी के अवसर पर सोमवार तड़के से शुरू हो गया, जिसमें देश दुनिया से लाखों की संख्या में आए लोगों ने गंगा, यमुना और सरस्वती के त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 8 बजे तक 62 लाख से अधिक लोगों ने डुबकी लगा ली थी। मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया, ‘संगम घाट पर नागा साधु संतों और आम श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। हर कोई अमृत स्नान का अलौकिक आनंद ले रहा था और चारों ओर हर हर गंगे का घोष सुनाई दे रहा था।' उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘महाकुंभ में मां गंगा, यमुना और सरस्वती की दिव्य धाराओं में पवित्र अमृत स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई।' सूचना निदेशक शिशिर ने बताया कि योगी आदित्यनाथ लखनऊ में अपने आधिकारिक आवास पर प्रमुख सचिव (गृह) और डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) के साथ मिलकर तड़के साढ़े तीन बजे से ही महाकुंभ में स्नान संबंधी व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे। उन्होंने कहा कि अमृत स्नान निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ। संन्यासी अखाड़ों के साथु संतों का अमृत स्नान संपन्न होने के साथ बैरागी अखाड़े भी घाट पर पहुंचे। क्रम में सबसे पहले संन्यासी अखाड़ों में महानिर्वाणी और अटल अखाड़े के साधु संतों और पीठाधीश्वर ने संगम घाट पर पहुंचकर स्नान किया। इसके बाद, निरंजनी और आनंद अखाड़ा और जूना एवं आवाहन अखाड़ा के साधु संतों ने अमृत स्नान किया। मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के दौरान मची भगदड़ की घटना के बाद यह अमृत स्नान हुआ। मौनी अमावस्या पर भगदड़ की घटना में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी तथा 60 लोग घायल हो गए थे। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!