प्रयागराज (11 फरवरी 25)। महाकुंभ में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण भारी भीड़ से निपटने के लिये रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं के वास्ते कई नयी व्यवस्थाएं की हैं तथा कई क्षेत्रों में यातायात जाम और अन्य परेशानियों के बावजूद महाकुंभ नगर तथा वाराणसी में लोगों के पहुंचने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। महाकुंभ में स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी और अयोध्या में दर्शन करने के लिये जा रहे हैं। इससे इन दोनों नगरों की भी यातायात व्यवस्था चरमरा गयी है। बाद में, उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार शाम को कहा कि 'जाम की कोई स्थिति नहीं है।' सूचना निदेशक शिशिर ने प्रयागराज जिले के बालसन चौराहा, मजार चौराहा, कलश चौराहा, इंडियन चौराहा, लखनऊ-प्रयागराज मार्ग, रीवा-प्रयागराज मार्ग और चित्रकूट-प्रयागराज मार्ग समेत विभिन्न इलाकों में यातायात की आवाजाही के वीडियो भी साझा किए। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए अयोध्या और वाराणसी में 11 फरवरी से 14 फरवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। अयोध्या में भीड़भाड़ को देखते हुए जिलाधिकारी सीवी सिंह ने अगले चार दिनों तक सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
सिंह ने बताया कि महाकुंभ में लाखों श्रद्धालु दर्शन करने के बाद अयोध्या पहुंच रहे हैं। इस सप्ताह अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, इसलिए 11 फरवरी से 14 फरवरी तक 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। उन्होंने कहा, 'अगर स्कूल चाहें तो ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर सकते हैं।' प्रयागराज के सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) शैलेंद्र सिंह ने बताया कि महाकुंभ मेले से निकलने वाली ज्यादातर भीड़ काशी और अयोध्या वाले मार्ग की ओर जा रही है। सरकार के मुताबिक, महाकुंभ में प्रतिदिन औसतन 1.44 करोड़ लोग स्नान कर रहे हैं। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रयागराज स्टेशन के बाहर मौजूद भारी भीड़ की वजह से स्टेशन से बाहर निकलने वाले श्रद्धालुओं को हो रही असुविधा के कारण उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का प्रयागराज संगम स्टेशन नौ फरवरी को अपराह्न 1:30 बजे से 14 फरवरी के रात्रि 12:00 बजे तक यात्री आवागमन के लिए अस्थायी तौर पर बंद किया गया है। महाकुंभ क्षेत्र में आने वाले अन्य आठ स्टेशन से हालांकि नियमित और विशेष ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से हो रहा है।