परभणी (20 जून 26)। महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां मानवत तहसील स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर में बना सभा मंडप अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। इस हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। वहीं अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जिला प्रशासन और पुलिस की टीम राहत कार्य में जुट गई है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार दोपहर यशवाड़ी गांव में हनुमान मंदिर की छत का एक हिस्सा (स्लैब) गिर गया। यह गांव मानवत रोड पर स्थित है, जो छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 190 किलोमीटर दूर है। अधिकारी ने कहा, 'मंदिर के 'सभा-मंडप' (बाहरी हॉल) की छत का हिस्सा दोपहर करीब 3:30 बजे गिरा। पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी टीमें भेजी हैं और बचाव अभियान चल रहा है। अब तक मलबे के नीचे से लगभग 25 लोगों को बाहर निकाला गया है।' उन्होंने आगे कहा कि यह ठीक-ठीक पता नहीं चल पाया है कि कितने लोग नीचे फंसे थे और क्या कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है।