मुंबई (19 नवंबर 24)। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने जा रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक हैं तो सेफ हैं' नारे और 'वोट जिहाद' के मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। जहां एक तरफ विपक्षी दल इस नारे की आलोचना कर रहे हैं, वहीं कई प्रमुख साधु-संत और हिंदू धर्मगुरु इसे समर्थन दे रहे हैं। देश के कई प्रमुख साधु-संतों ने प्रधानमंत्री मोदी के 'एक हैं तो सेफ हैं' नारे का समर्थन किया है और लोगों से सनातन धर्म के लिए भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की है। उनका कहना है कि जब मुस्लिम धर्मगुरु हिंदुत्व विरोधी सरकारों के लिए वोट करने की अपील कर रहे हैं, तो हिंदू समाज को भी एकजुट होकर हिंदुत्ववादी सरकारों का समर्थन करना चाहिए। मां बगलामुखी सिद्धपीठ के पीठाधीश्वर त्रिशूल बाबा ने कहा कि अगर मुस्लिम धर्मगुरु गैर हिंदुत्ववादी सरकार के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं, तो हमें भी केवल हिंदुत्ववादी सरकार का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत में एक षड्यंत्र के तहत गैर-सनातनी सरकार को स्थापित करने की कोशिश की जा रही है, और इस स्थिति में हिंदू समाज को केवल हिंदुत्ववादी सरकार के पक्ष में मतदान करना चाहिए।