Monday, 28 Sep 2026

महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियां जोरों पर

भोपाल (23 जुलाई 26)। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को नाथुबरखेड़ा स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित महिला एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ परिसर का विस्तृत भ्रमण कर खेल अधोसंरचना, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंत्री सारंग ने कहा कि नाथुबरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के फेस-1 का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा। फेस-1 के प्रारंभ होने के साथ ही यहां एथलेटिक्स, हॉकी एवं फुटबॉल की खेल गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी। इन खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए गए मैदान एवं अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराएंगी। सांरग ने कहा कि सरकार का उद्देश्य मध्यप्रदेश में ऐसी खेल अधोसंरचना विकसित करना है, जहां प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों। यह परिसर भविष्य में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और बड़े खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सारंग यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित तकनीकी निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यकतानुसार थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया जाए। साथ ही परिसर में सौर ऊर्जा के उपयोग, आधुनिक कैफेटेरिया, पर्याप्त पार्किंग, हरित विकास एवं अन्य जनसुविधाओं को भी प्राथमिकता के साथ विकसित किया जाए। निरीक्षण के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



Tags:

Follow us

This question is not available..!