भोपाल (18 जनवरी 25)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि परी बाजार, महिला सशक्तिकरण की सराहनीय पहल परी बाजार का आयोजन है। बाजार महिला कारीगरों को बढ़ावा देने का सार्थक प्रयास है। राज्यपाल पटेल परी बाजार हेरिटेज फेस्टिवल के शुभारम्भ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गौहर महल परिसर में बेगम्स ऑफ भोपाल द्वारा गोण्डी चित्रकला की थीम पर आयोजित परी बाजार का फीता काटकर शुभारंभ किया। महिला शिल्पकारों की उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि भोपाल की सांस्कृतिक जड़ों ने सदियों से हमारी पुरातात्विक, ऐतिहासिक, धार्मिक, साहित्यिक और कलात्मक धरोहरों को मजबूती से संरक्षित रखा है। भोपाल शहर के कैनवास पर कला और साहित्य की गौरवशाली विरासत बहुरंगी चटकीली चमक की छटाएं सारी दुनिया को अपनी ओर खींचती है। उन्होंने हुनरमंद कारीगरों और उत्पादों के प्रोत्साहन प्रयासों के लिए आयोजकों की सराहना की। राज्यपाल मंगुभाई पटेल का कार्यक्रम में शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। जनजातीय कार्य विभाग की उप सचिव और वन्या प्रकाशन की एम.डी. मीनाक्षी सिंह ने सरकार द्वारा जनजातीय कला और कलाकारों के संरक्षण और प्रोत्साहन प्रयासों की जानकारी दी। चिरायु चेरेटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अजय गोयनका ने स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को मंच प्रदान करने की पहल के लिए क्लब को बधाई दी। आभार क्लब की सचिव तमसीन खान ने किया।