Saturday, 03 Oct 2026

महू में फटा सेना का बम, 2 युवक घायल

महू (22 अप्रैल 26)। किशनगंज थाना क्षेत्र की शांति धाम कॉलोनी में बुधवार को एक बार फिर बड़ा और खतरनाक हादसा सामने आया। कॉलोनी के पीछे खुले क्षेत्र में पड़े सेना के जिंदा बम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस विस्फोट की चपेट में आकर दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को महू के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

थाना प्रभारी अमित कुमार के मुताबिक, घायल युवक कमलेश (पिता शिवनारायण) और सोनू (पिता भेरूलाल सोलंकी) सुबह शौच के लिए कॉलोनी के पीछे गए थे। लौटते समय उन्हें वहां पड़ा एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जो असल में सेना का जिंदा बम था। जैसे ही वे उसके पास पहुंचे, अचानक विस्फोट हो गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। गौरतलब है कि घटना स्थल के ठीक पीछे आर्मी की फायरिंग रेंज स्थित है। इस क्षेत्र में पहले भी कई बार ऐसे खतरनाक हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोग कई बार बिना जानकारी के या कबाड़ समझकर ऐसे बमों को उठाने या बीनने की कोशिश करते हैं, जिसके चलते गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में भी कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कई स्थायी रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फायरिंग रेंज के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और ऐसे विस्फोटक सामग्री को समय रहते हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Tags:

Follow us

This question is not available..!