Wednesday, 30 Sep 2026

मार्च में चांद की ओर उड़ान भरेगा NASA का मानव मिशन

फ्लोरिडा (21 फरवरी 26)। अमेरिका एक बार फिर चांद की ओर बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। NASA ने पुष्टि की है कि वह 6 मार्च 2026 को अपने अगले मानवयुक्त (क्रूड) चंद्र मिशन को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। यह फैसला एक महत्वपूर्ण 'वेट ड्रेस रिहर्सल' के सफल होने और पहले सामने आई ईंधन रिसाव (फ्यूल लीकेज) की समस्या को ठीक करने के बाद लिया गया है।

वेट ड्रेस रिहर्सल असल लॉन्च से पहले की पूरी रिहर्सल होती है। इसमें रॉकेट को लॉन्च पैड पर पूरी तरह तैयार किया जाता है। काउंटडाउन की पूरी प्रक्रिया दोहराई जाती है और रॉकेट में अत्यंत ठंडा ईंधन (सुपर-कोल्ड प्रोपेलेंट) भरा जाता है। पहली रिहर्सल के दौरान इंजीनियरों ने हाइड्रोजन गैस का रिसाव (लीकेज) पाया था। सुरक्षा कारणों से लॉन्च की तैयारी रोक दी गई और विस्तृत तकनीकी जांच शुरू की गई। अब NASA के अधिकारियों के मुताबिक लीकेज की समस्या पूरी तरह ठीक कर दी गई है। हाल ही में हुए नए परीक्षण में ऐसी कोई समस्या दोबारा नहीं मिली। NASA ने अपने बयान में कहा कि वेट टेस्ट सफल रहा और पहले देखी गई तकनीकी खामियों को दूर कर लिया गया है। अब सभी सिस्टम की गहन समीक्षा की जाएगी। मिशन में Space Launch System (SLS) रॉकेट का इस्तेमाल किया जाएगा। SLS अब तक का NASA का सबसे शक्तिशाली रॉकेट है। यह अंतरिक्ष यात्रियों को Orion स्पेसक्राफ्ट में बैठाकर चांद की कक्षा तक ले जाएगा। यह मिशन भविष्य में चांद पर स्थायी मानव मौजूदगी की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!