Saturday, 03 Oct 2026

माली में आतंकी हमला: रक्षा मंत्री की कार बम धमाके में मौत

बमाको (27 अप्रैल 26)। पश्चिम अफ्रीकी देश माली इस वक्त गृहयुद्ध की भीषण आग में झुलस रहा है। राजधानी बमाको के पास एक भयानक कार बम धमाके ने पूरे देश को दहला दिया, जिसमें माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की हत्या कर दी गई है। इस कायराना हमले में न केवल रक्षा मंत्री, बल्कि उनकी दूसरी पत्नी और दो मासूम पोते-पोतियों की भी दर्दनाक मौत हो गई। यह हमला राजधानी बमाको के बाहरी इलाके काटी में हुआ, जिसे माली की सैन्य सरकार का सबसे सुरक्षित और प्रमुख राजनीतिक केंद्र माना जाता है। 

बताया जा रहा है कि आतंकियों ने रक्षा मंत्री के घर के बाहर खड़ी कार में बम फिट किया था। अल-कायदा से जुड़े जिहादी गुट 'जमात नुसरत अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन' और तुआरेग विद्रोहियों को इस सुनियोजित साजिश के पीछे मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। रक्षा मंत्री की हत्या ऐसे समय में हुई है जब माली में सेना, जिहादी गुटों और अलगाववादी विद्रोहियों के बीच खूनी जंग छिड़ी हुई है। शनिवार से ही विद्रोहियों ने काटी, किडल और गाओ सहित कई प्रमुख शहरों पर एक साथ हमले शुरू कर दिए थे। इन हमलों ने देश की सत्ता पर काबिज सैन्य जुंटा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। माली की सरकार विद्रोहियों से निपटने के लिए विदेशी मदद पर निर्भर है। इस बीच, तुआरेग विद्रोहियों ने दावा किया है कि एक समझौते के तहत माली की सेना का साथ दे रही रूसी सेना (वैगनर ग्रुप) को विद्रोहियों के कब्जे वाले किडल इलाके से वापस जाने की अनुमति दे दी गई है। रूसी सैनिकों की इस वापसी के बाद माली में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक चरमरा गई है, जिससे आम जनता और सरकार दोनों पर दबाव बढ़ गया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!