Friday, 02 Oct 2026

मुंबई में नाव पलटने से 3 नौसैनिक समेत 13 लोगों की मौत

मुंबई (19 दिसंबर 24)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि बुधवार को मुंबई तट के पास नौसेना की स्पीड बोट के नौका से टकराने से 13 लोगों की मौत हो गई और 101 अन्य को बचा लिया गया। फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं को बताया कि मृतकों में 10 नागरिक और तीन नौसेना कर्मी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि नौसेना से मिली जानकारी के अनुसार शाम 7.30 बजे तक मरने वालों की संख्या 13 है। फडणवीस ने बताया कि नीलकमल नौका मुंबई के पास एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल एलीफेंटा द्वीप की ओर जा रही थी, तभी शाम करीब 4 बजे स्पीड बोट उससे टकरा गई। उन्होंने यह नहीं बताया कि नौका और स्पीड बोट में कितने लोग सवार थे।

एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया है। नौसेना की 11 नावें और मरीन पुलिस की तीन नावें तथा तटरक्षक बल की एक नाव को इलाके में तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि खोज और बचाव अभियान में चार हेलीकॉप्टर शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि पुलिस, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण के कर्मचारी और इलाके के मछुआरे भी बचाव कार्य में शामिल थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!