धौरहरा (05 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि मुसलमान अब समझ गए हैं कि कांग्रेस और विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया' उन्हें मोहरे के रूप में इस्तेमाल कर रहा है और भाजपा द्वारा किए गए विकास को देखकर समुदाय उसकी ओर आ रहा है। धौरहरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार रेखा वर्मा और लखीमपुर खीरी के उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र 'टेनी' के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि गरीब और एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय के लोगों ने खुद को कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन से दूर कर लिया है और भाजपा के करीब आ गए हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा, 'सपा और कांग्रेस के शहजादों के अस्तित्व के लिए तुष्टिकरण की राजनीति अनिवार्य हो गई है।' मोदी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय भी समझता है कि कांग्रेस और ‘इंडिया' गठबंधन ने उन्हें मोहरा बना लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिना किसी पूर्वाग्रह के किए गए विकास को देखकर मुस्लिम समाज भी भाजपा के साथ आ रहा है। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि जनता ही उनका परिवार और ‘वारिस' है। मोदी ने कहा, 'लखीमपुर खीरी, सीतापुर इलाके को उत्तर प्रदेश का चीनी का कटोरा कहा जाता है। लेकिन सपा सरकार ने मेरे गन्ना किसानों की जिंदगी में कड़वाहट जोड़ दी।' पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए मोदी ने कहा, 'गन्ना चला जाता था लेकिन वर्षों तक किसान का भुगतान नहीं आता था। भुगतान होता भी था तो किस्तों में पैसे दिये जाते थे। ये सारी कमियां योगी (आदित्यनाथ) जी की सरकार ने, भाजपा सरकार ने दूर कर दी हैं।'