नईदिल्ली (25 सितंबर 24)। आम आदमी पार्टी (आप) नेता कैलाश गहलोत ने मंगलवार को आतिशी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में कार्यभार संभालते हुए कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ‘हनुमान' हैं और उनके सभी लंबित कार्यों को वह पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री आतिशी ने एक दिन पहले ही हिंदू महाकाव्य रामायण का हवाला देते हुए कहा था कि उनकी स्थिति भगवान राम के भाई भरत की तरह है, जिन्हें भगवान राम के 14 साल के वनवास के बाद अयोध्या पर शासन करना पड़ा था। परिवहन, गृह, प्रशासनिक सुधार और महिला एवं बाल विकास मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद गहलोत ने कहा, ‘आज मंगलवार है, हनुमानजी का दिन है और मैं अरविंद केजरीवाल के हनुमान की तरह काम करूंगा तथा उनके सभी लंबित कार्यों को निपटाऊंगा। आप ने उनके नेतृत्व में अच्छा काम किया और राम राज्य स्थापित करने का प्रयास किया है।' नजफगढ़ से आप विधायक को फिर से वही विभाग मिले हैं जो केजरीवाल नीत सरकार में उनके पास थे।