Wednesday, 30 Sep 2026

मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार: अमित शाह

नईदिल्ली (12 अगस्त 26)। विपक्ष लगातार अमित शाह को संसद में आकर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मामले पर जबाव देने की मांग के कर रहा है। जिस पर अमित शाह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज तीन बजे से हम चर्चा शुरू करेंगे और मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार हूं।

संसद का मानसून सत्र अपने समापन की ओर बढ़ रहा है, लेकिन लोकसभा में गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच आमना-सामना लगातार तेज होता जा रहा है। एक ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष को संसदीय नियमों के तहत विस्तृत चर्चा की चुनौती दी है, वहीं विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए गृह मंत्री के बयान को खारिज कर दिया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि विपक्ष दोपहर 2 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को चर्चा के लिए पत्र सौंप दे, तो दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह अगले दिन दोपहर 3 बजे तक चर्चा में मौजूद रहकर विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। अमित शाह ने कहा कि संसदीय चर्चा के लिए तय नियम और प्रक्रियाएं हैं। उनके मुताबिक, इतने गंभीर मुद्दे पर केवल एक बयान देने की मांग से समाधान नहीं निकलेगा। उन्होंने विपक्ष से कहा कि संसद में किसी विषय पर विस्तार से चर्चा होती है और सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। 

राहुल गांधी का पलटवार- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमित शाह के प्रस्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि उसे गृह मंत्री का बयान सुनने में दिलचस्पी नहीं है। राहुल गांधी ने छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई को लेकर सरकार से सीधे सवाल किए। उन्होंने पूछा कि छात्रों पर गोली चलाने और कील लगी लाठियों से उन्हें पीटने का आदेश किसने दिया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इन कार्रवाइयों का आदेश गृह मंत्री अमित शाह ने दिया था। राहुल गांधी ने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।


Tags:

Follow us

This question is not available..!