नईदिल्ली (08 मई 24)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को दावा किया कि देश में तीन चरणों के चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कुर्सी 'डगमगा रही है' और उन्होंने अपने ही 'मित्रों' पर हमला शुरू कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह चुनाव परिणामों के 'असली रुझान' को दर्शाता है।खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘वक्त बदल रहा है। दोस्त दोस्त ना रहा…! तीन चरणों के चुनाव पूरे हो जाने के बाद आज प्रधानमंत्री अपने मित्रों पर ही हमलावर हो गए हैं। इससे पता चल रहा है कि मोदी जी की कुर्सी डगमगा रही है। यही परिणाम के वास्तविक रुझान हैं।' इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना में एक रैली में कहा था कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि उसने 'अंबानी-अडाणी' मुद्दा उठाना क्यों बंद कर दिया है।