Friday, 02 Oct 2026

मोदी, केजरीवाल, दोनों झूठ के सहारे सत्ता में आए: प्रियंका

नईदिल्ली (02 फरवरी 25)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल में कोई अंतर नहीं है और दोनों झूठ के आधार पर सत्ता में आए। उन्होंने चांदनी चौक और नयी दिल्ली में दो जनसभाओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों को निशाने पर लिया। नयी दिल्ली में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘शीला दीक्षित जी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए, क्या क्या बातें की गईं। 10 साल गुजर गए, क्या कुछ भी साबित हुआ? सब झूठ था। उस झूठ के आधार पर आम आदमी पार्टी उभरी है।' उन्होंने आरोप लगाया, ‘मोदी जी और केजरीवाल एक जैसे हैं। झूठ के आधार पर सत्ता में आए। दोनों की ईमानदारी सबने देख ली। एक अदाणी और अंबानी को सबकुछ सौंप रहे हैं और दूसरे ने खुद के लिए महल बनाया।' इससे पहले, चांदनी चौक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘जो राजनीति एक-दूसरे को लड़ाती है, वह सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए काम करती है और भाजपा की हमेशा यही राजनीति रही है। नरेंद्र मोदी अपने भाषण में हमेशा दूसरों की आलोचना करते हैं। कहते हैं कि जवाहर लाल नेहरू जी के कारण देश खाई में जा रहा है। दूसरी तरफ केजरीवाल कहते हैं कि हम नरेंद्र मोदी की वजह से काम नहीं कर पा रहे हैं।' उन्होंने दावा किया, ‘मैंने अपने जीवन में इनके जैसे कायर नेता नहीं देखे- जो किसी चीज की जिम्मेदारी लेना नहीं जानते।' 


Tags:

Follow us

This question is not available..!