Tuesday, 29 Sep 2026

मोदी अब प्रधानमंत्री नहीं बन रहे: राहुल गांधी

वाराणसी (29 मई 24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘अबकी बार 400 पार' नारे को संविधान बदलने का प्रयास करार देते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दोहराया कि नरेन्द्र मोदी इस बार प्रधानमंत्री नहीं बन रहे हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 143 सीटों में सिमटने जा रहा है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त जनसभा को संबोधित करते हुये कहा ‘मोदी चाहते हैं कि देश में 22-25 लोग अमीर रहें और बाकी जनता गरीब रहें। हम चाहते हैं कि सभी को बराबर पैसा मिले कर्ज माफ हो, अमीरों का कर्जा माफ हो तो गरीबों का भी माफ हो, किसानों का भी माफ हो। भाजपा के नेताओं ने सबसे बड़ी गलती की है कि उन्होंने कहा 400 सीटें दो हम संविधान बदल देंगें।'

उन्होने कहा ‘2024 का चुनाव एक अलग चुनाव है। पहली बार किसी राजनैतिक पार्टी ने, उनके नेताओं ने, साफ कह दिया है कि हम इस संविधान को खत्म कर देंगे। ये भाजपा के कई नेताओं ने कहा है, ये बीजेपी के नेताओं की सबसे बड़ी गलती है, ये संविधान गांधी जी की, आंबेडकर जी की, जवाहरलाल नेहरू जी की और हिंदुस्तान के सारे के सारे नागरिकों की देन है। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या कोई शक्ति है दुनिया में, जो इसको मिटा सकती है।' 

Tags:

Follow us

This question is not available..!