नगरोटा/कांगड़ा (23 सितंबर 24)। कांग्रेस देश को जाति और धर्म में बांट कर राजनीति कर रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र के साथ बिना किसी भेदभाव के देश का विकास कर देश को आगे ले जाने का काम कर रही है। यह बात रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में बतौर सदस्यता अभियान प्रभारी के रूप में पार्टी कार्यकर्त्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी ऐसी कौन-सी मजबूरी थी कि वे विदेश जाकर भारत का अपमान कर रहे हैं, राहुल गांधी देश की जनता को बताएं कि चीन से हाथ मिलाना और पाकिस्तान से सहयोग लेना कांग्रेस पार्टी को जरूरी है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने पर उतारू हो गए हैं, इसे दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि वे राजनीति का विरोध करते-करते राष्ट्र का विरोध करने लग पड़े हैं। उधर, कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के पुराना मटौर में भाजपा सदस्यता कार्यक्रम में पत्रकारों के सवालों के जवाब में सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार अवैध रूप से घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमान के कारण अगर किसी प्रकार की कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगता है तो सरकार उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई जगह अवैध रूप से बढ़ रहे कुछ घुसपैठियों के खिलाफ लोगों ने जब आवाज उठाने का प्रयास किया तो सरकार ने उन पर लाठीचार्ज और पानी की बौछारें करके उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया।