वाराणसी (02 अगस्त 25)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 2200 करोड़ रुपए की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर एक जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री सुबह लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचें। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के बनौली (कालिका धाम) पहुंचे और 50 हजार से अधिक लोगों को संबोधित किया।
काशी में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास- प्रधानमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, उनमें सेवापुरी में 50 बेड के नए सरकारी अस्पताल की आधारशिला (लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत), संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवन का शिलान्यास, दालमंडी क्षेत्र का चौड़ीकरण, पुराने शहर में अंडरग्राउंड केबलिंग (द्वितीय चरण), स्माटर् सिटी के अंतर्गत पथ प्रकाश, नाली-नाला एवं पेयजल सुधार, ग्रामीण सड़कों व संपर्क मार्गों का निर्माण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार शामिल हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री काशी से किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त भी जारी की। इस योजना के तहत देशभर के लगभग 9 करोड़ 70 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। नरेन्द्र मोदी का प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र में यह 51वां दौरा है।