कुरुक्षेत्र (21 मई 24)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केवल बड़ी-बड़ी बातें करना जानते हैं और पहाड़ खोदकर चूहा निकाल कर लाते हैं। खड़गे यहाँ अंबाला और कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्रों के इंडिया गठजोड़ समूह के प्रत्याशियों क्रमश: वरुण मुलाना और सुशील गुप्ता के पक्ष में जगाधरी अनाज मंडी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कहा कि मोदी पहाड़ खोदकर चूहा निकाल कर लाते हैं और बड़ी- बड़ी बातें करते है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बंगलादेश बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी झूठों के सरदार हैं और उन्होंने सबका साथ लेकर सबका सत्यानाश किया है। काँग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि उनकी लड़ाई मोदी से नहीं बल्कि उनकी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से विरोध है। उन्होंने कहा कि मोदी ने बैंक खातों में 15 लाख रुपये आने, दो करोड़ नौकरियां देने और किसानों की आमदनी दोगुनी करने जैसे अनेक झूठ बोले हैं।