Tuesday, 29 Sep 2026

मोदी फिर से प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे : तेजस्वी

पटना (28 मई 24)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए ‘एक और मुख्यमंत्री कार्यकाल' की कामना करना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘निश्चित हार' को इंगित करता है। तेजस्वी, नीतीश कुमार की एक चुनावी सभा के दौरान जुबान फिसलने और यह कहने कि वे चाहते हैं कि एक बार फिर नरेन्द्र मोदी मुख्यमंत्री बनें का संदर्भ दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘कभी ना कभी तो अंदर की बात सामने आ ही जाती है। मोदी फिर से प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं।'

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पटना साहिब संसदीय क्षेत्र के बख्तियारपुर, पाटलिपुत्र के पालीगंज और आरा के जगदीशपुर में महागठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया। पाटलिपुत्र लोकसभा सीट के पालीगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा, 'मिजाज रखिए टनाटन- टनाटन, नौकरी मिलेगा फटाफट- फटाफट, गरीब दीदी के खाता में एक लाख जाई खटाखट-खटाखट, भाजपा के हो जाई सफाचट-सफाचट और लालटेन पर वोट गिरी ठाकाटक-ठकाटक।'

'मीसा दीदी यहां से चुनाव लड़ रही हैं, एक जून को लालटेन चुनाव चिह्न पर बटन दबाकर इनको भारी मतों से जीता कर लालू जी और राहुल गांधी जी का हाथ मजबूत करें।' पूर्ववर्ती ‘महागठबंधन' में उप मुख्यमंत्री रहे तेजस्वी ने दावा किया,‘17 महीने में जो हम लोगों ने काम किया वह 17 साल में भी नहीं हुआ। पांच लाख सरकारी नौकरियां नौजवानों को दी गई। तीन लाख नौकरियां प्रक्रियाधीन कराई गई।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!