नईदिल्ली (12 दिसंबर 24)। मोदी सरकार हवाई यात्रियों को एक बड़ी सौगात देने जा रही है। सरकार एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए सस्ते खानपान की व्यवस्था करने जा रही है। अब हवाई अड्डों पर यात्री अपने बजट के अनुसार चाय, कॉफी, स्नैक्स और पानी जैसे जरूरी खाने-पीने की चीजें सस्ते में खरीद सकेंगे। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सरकार का उद्देश्य हवाई यात्रा को और किफायती और समावेशी बनाना है। सरकार ने एयरपोर्ट पर ‘कियोस्क’ लॉन्च करने की योजना तैयार कर ली है। यह कियोस्क पहले एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा संचालित हवाई अड्डों पर शुरू किए जाएंगे। इसके बाद इस सेवा का विस्तार पूरे भारत के प्रमुख हवाई अड्डों पर किया जाएगा। इन कियोस्क के जरिए यात्रियों को किफायती कीमतों पर चाय, कॉफी, स्नैक्स और पानी जैसी चीजें मिलेंगी। इस पहल के तहत एयरपोर्ट पर कियोस्क संचालन का अधिकार दिव्यांग महिलाओं और पुरुषों को दिया जाएगा। इस कदम से न सिर्फ यात्रियों को सस्ती सेवाएं मिलेंगी बल्कि उन लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। इस योजना का उद्देश्य एयरपोर्ट पर एक अधिक सुलभ कार्यबल को बढ़ावा देना है।