नईदिल्ली (31 जुलाई 25)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत पर 1 अगस्त से 25% टैरिफ (शुल्क) लगाने की घोषणा की है। इस फैसले को लेकर भारत में राजनीतिक भूचाल आ गया है। कांग्रेस ने इसे देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों के लिए ‘बड़ा झटका’ बताया है और अमेरिकी दबाव को ‘ब्लैकमेलिंग’ करार दिया है।
कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा, 'यह मोदी जी के लिए बहुत बड़ा झटका है। ‘Howdy Modi’ और ‘Namaste Trump’ जैसे कार्यक्रमों से हमें क्या मिला? तारीफ तो बहुत मिली, लेकिन अब उसी अमेरिका ने 25% टैरिफ लगा दिया। यह हमारे लिए आर्थिक और राजनीतिक दोनों तरह से बड़ा नुकसान है।' उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत पर दबाव बना रहा है, लेकिन भारत को डरना नहीं चाहिए। 'यह अमेरिका की ब्लैकमेलिंग है। प्रधानमंत्री को डरना नहीं चाहिए। ट्रंप यह तय नहीं कर सकते कि भारत कहां से तेल खरीदेगा।' ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'भारत हमारा दोस्त जरूर है, लेकिन वह दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ लगाता है और व्यापार में अनावश्यक रुकावटें पैदा करता है। भारत ने रूस से बहुत बड़ी मात्रा में सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीदी है। ऐसे समय में जब पूरी दुनिया रूस को यूक्रेन युद्ध रोकने को कह रही है, भारत और चीन सबसे बड़े खरीदार बने हुए हैं। इसलिए, भारत पर 1 अगस्त से 25% टैरिफ और अतिरिक्त पेनाल्टी लागू की जाएगी।'