Wednesday, 30 Sep 2026

मोदी सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित: जेपी नड्डा

नईदिल्ली (27 जुलाई 24)। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रक्षा खरीद से जुड़े कई घोटालों में कांग्रेस की कथित संलिप्तता और सत्ता में रहने के दौरान सशस्त्र बलों की जरूरतों की उपेक्षा का हवाला देते हुए शुक्रवार को पूछा कि क्या कांग्रेस में ‘करगिल विजय दिवस' मनाने का नैतिक साहस है। करगिल युद्ध में पाकिस्तानी सेना पर भारत की जीत की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि विपक्षी नेताओं को आत्मचिंतन करना चाहिए कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करने में इतने डूबे हुए हैं कि देशहित के भी खिलाफ हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सैनिकों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सीमा पर बुनियादी ढांचे को बढ़ावा दिया है, बलों को आधुनिक हथियारों से लैस किया है और उनकी ‘एक रैंक, एक पेंशन' की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी सरकार देश की सुरक्षा के लिए समर्पित है। उन्होंने याद दिलाया कि मोदी भाजपा संगठन में वरिष्ठ पदाधिकारी के रूप में करगिल युद्ध के दौरान सैनिकों का उत्साह बढ़ाने तथा उनके साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए द्रास गए थे।

उन्होंने पूछा कि क्या किसी कांग्रेस नेता ने ऐसा किया था। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने विपक्षी पार्टी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के दशकों के शासन के दौरान कथित घोटालों का जिक्र किया, जिसमें बोफोर्स तोप और अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर की खरीद के अलावा अन्य सौदे शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘जो लोग दलाली से जुड़े रहे हैं, वे करगिल विजय दिवस कैसे मना सकते हैं? उनमें नैतिक साहस नहीं है।'

Tags:

Related Post

Follow us

This question is not available..!