Tuesday, 29 Sep 2026

मोदी सोमनाथ में मंदिर उत्सव, ‘वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन' में भाग लेंगे

सोमनाथ (11 जनवरी 26)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अपने तीन-दिवसीय गुजरात दौरे के तहत सोमनाथ पहुंचे और इस दौरान वह यहां 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' एवं राजकोट में ‘वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन' सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। राज्य सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गिर सोमनाथ जिले के वेरावल कस्बे के पास स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ महादेव मंदिर के पास हेलीपैड पर गर्मजोशी से स्वागत किया। हेलीपैड से मोदी अपने काफिले के साथ मंदिर के पास स्थित वीवीआईपी सर्किट हाउस पहुंचे। सड़क के दोनों तरफ बड़ी संख्या में स्थानीय और बाहरी श्रद्धालु मोदी का स्वागत करने के लिए जमा हुए थे।

मोदी ने यहां उन्होंने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ में भाग लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने ओंकार जप किया और एक भव्य ड्रोन शो भी देखा।। यह कार्यक्रम मंदिर पर 1000 वर्ष पहले हुए आक्रमण की पृष्ठभूमि में आयोजित किया जा रहा है। ये ‘स्वाभिमान पर्व' आठ जनवरी को शुरू हुए और 11 जनवरी को समाप्त होंगे। ड्रोन शो में मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाने के लिए लगभग 3,000 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने  सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में बैठक की अध्यक्षता की।पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार को सुबह लगभग 9:45 बजे प्रधानमंत्री 'शौर्य यात्रा' में भाग लेंगे, जो सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति देने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित एक औपचारिक जुलूस है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि शौर्य यात्रा में 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस निकाला जाएगा, जो वीरता और बलिदान का प्रतीक होगा। इसके बाद मोदी सुबह करीब 10:15 बजे सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर सुबह 11 बजे 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' पर आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। बयान में कहा गया है कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' भारत के उन अनगिनत नागरिकों को याद करने के लिए मनाया जा रहा है जिन्होंने मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान दिया है, जो आने वाली पीढ़ियों की सांस्कृतिक चेतना को प्रेरित करता रहेगा। महमूद गजनी ने 1026 ईस्वी में सोमनाथ मंदिर पर हमला किया था, जिसके 1,000 वर्ष पूरे होने पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!