इंदौर (16 सितंबर 25)। सोमवार शाम बेकाबू ट्रक ने शहर के पूर्वी क्षेत्र में मौत का ऐसा तांडव मचाया कि देखने वालों की रूह कांप गई। एअरपोर्ट रोड पर बड़ा गणपति चौराहे की ओर आ रहे ट्रक ने तेज गति में कई राहगीरों और वाहन चालकों को अपनी चपेट में ले लिया। एक बाइक सवार वाहन सहित ट्रक में जा फंसा लेकिन ट्रक चालक ने वाहन रोकने की बजाय उसे करीब आधा किलोमीटर तक घसीट लिया। इस दौरान बाइक और ट्रक में आग गई, जिसमें बाइक सवार जिंदा जल गया। यही नहीं टक्कर घायल दो अन्य व्यक्तियों ने भी दम तोड़ दिया। घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लापरवाह ट्रक चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए लोगों को बेरहमी से रौंद दिया। घटना के बाद सड़क पर दुर्घटना के शिकार लोगों के शरीर के अंग और रक्त बिखरा पड़ा था। जिसने भी यह भयावह दृश्य देखा उसकी रूह कांप उठी। लोगों ने तत्काल घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के लिए दाखिल करवाया। इस दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया। एक अन्य युवक की जान ट्रक में वाहन सहित फंसने और उसमें आग लगाने के बाद झुलसने से हो गई। हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शी घायलों और मौत का आंकड़ा काफी अधिक बता रहे हैं। इस बीच पुलिस फिलहाल अधिकृत सूचनाओं के आधार पर ही मौत की पुष्टि कर रही है। देर रात तक पुलिस अस्पतालों से घायलों की जानकारी इकट्ठा करने में जुटी रही। घटना के बाद प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मालिनी गौड़, कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के अलावा प्रशासन के अधिकारियों ने घटना स्थल जाकर स्थिति का जायजा लिया, वहीं अस्पतालों में जाकर घायलों से कुशलक्षेम पूछकर अस्पताल प्रबंधन को उनके समुचित इलाज और देखरेख के निर्देश दिए। इस दुर्घटना के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर प्रतिबंधित क्षेत्र में यह ट्रक घुसा कैसे ? अब जिम्मेदार अधिकारी और विभाग अपने बचाव के लिए कहानियां गढ़ने में जुट गए हैं।