Saturday, 03 Oct 2026

मौत पर भड़की कांग्रेस, रेल मंत्री से मांगा इस्तीफा

नईदिल्ली (16 फरवरी 25)। कांग्रेस ने रविवार को मांग की कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात भगदड़ मचने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगर वैष्णव इस्तीफा नहीं देते हैं तो उन्हें रेलवे स्टेशन पर ‘कुप्रबंधन' के लिए बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेलवे अधिकारियों को अच्छी तरह से पता था कि कितने लोग स्टेशन परिसर में प्रवेश कर रहे हैं और हर घंटे 1500 टिकट बेची जा रही हैं।

श्रीनेत ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुई भीड़ के प्रबंधन के लिए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए थी लेकिन यह दुर्भाग्य की बात है कि वहां कोई सुरक्षा बल मौजूद नहीं था, इसलिए लोगों को खुद ही प्रबंधन करना पड़ा, जिसके कारण ऐसी त्रासदी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां दो हिंदुस्तान हैं जहां एक तरफ राजा अपने दोस्तों को कुंभ में स्नान कराता है तो वहीं दूसरी ओर आम लोग रेलवे प्लेटफॉर्म पर मर रहे होते हैं। श्रीनेत ने कुंभ में जारी अति-विशिष्‍ट व्यक्‍ति (वीआईपी) प्रणाली का भी उल्लेख किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘इस मंच से हमारी एक ही मांग है कि कल हुई घटना को देखते हुए, जो कि एक नरसंहार के समान है, रेल मंत्री को एक मिनट भी अपने पद पर रहने का अधिकार नहीं है।' श्रीनेत ने कहा, 'रेल मंत्री को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल प्रभाव से पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। अन्यथा, यदि वह इस त्रासदी के लिए अपना इस्तीफा नहीं देते हैं तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।' उन्होंने आरोप लगाया कि रेल मंत्री अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह ‘विफल' रहे हैं और वह केवल नाटक कर रहे हैं तथा मौत का सही आंकड़ा छिपाने का प्रयास कर रहे हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!