सना (06 सितंबर 26)। यमन में सऊदी समर्थित सरकारी बलों और ईरान समर्थक हूती विद्रोहियों के बीच एक बार फिर भीषण जंग छिड़ गई है। शनिवार को लाल सागर के प्रवेश द्वार के पास हुई ताजा हिंसक झड़पों में नागरिकों सहित 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को यमन में हाल के वर्षों की सबसे घातक जंग देखी गई थी, जिसमें 129 लोगों के मारे जाने की खबर थी।
यह ताजा हिंसा वर्ष 2022 में हुए एक अस्थाई संघर्ष विराम के पूरी तरह टूटने के बाद भड़की है, जिसके बाद हूती विद्रोही लगातार तटीय मार्गों और सरकारी नियंत्रण वाले क्षेत्रों की ओर अपना विस्तार करने की कोशिश कर रहे हैं। सैन्य और चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, शनिवार को कई घंटों तक चले इस भीषण युद्ध में दोनों पक्षों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। यमन सरकार के तीन सैन्य सूत्रों ने पुष्टि की है कि जंग में 26 सरकारी सैनिक मारे गए हैं। वहीं दूसरी ओर, हूतीयों से जुड़े चिकित्सा और सैन्य सूत्रों के अनुसार उनके भी 31 लड़ाके इस झड़प में ढेर हो गए हैं।
इस संघर्ष के बीच एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया है, जहां ताइज़ से अदन जा रही एक यात्री बस पर मिसाइल से हमला किया गया। इस हमले में 6 निर्दोष नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यमन सरकार के एक अधिकारी ने इस बर्बर मिसाइल हमले के लिए सीधे तौर पर हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।