नोएडा (06 दिसंबर 24)। यूपी बॉर्डर पर एकत्रित भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन अब खत्म हो चुका है। किसान यूनियन के कई नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है। विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे प्रदर्शन के तहत बुधवार रात को यमुना एक्सप्रेस वे ‘जीरो प्वाइंट' से दलित प्रेरणा स्थल की ओर धरना देने के लिए निकले ‘संयुक्त किसान मोर्चा' के 34 नेताओं को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें किसान संगठनों के दो बड़े नेता शामिल हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ‘संयुक्त किसान मोर्चा' के नेता ‘जीरो प्वाइंट' पर बुधवार रात को धरने पर बैठे थे। रात के समय किसान नेता सुखबीर खलीफा, रुपेश वर्मा के नेतृत्व में किसान ‘जीरो प्वाइंट' स्थित धरना स्थल से दलित प्रेरणा स्थल पर धरना देने के लिए निकल गए। किसान नेताओं ने घोषणा की थी कि बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे ‘जीरो प्वाइंट' पर एक बैठक होगी, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ‘जीरो प्वाइंट' से दलित प्रेरणा स्थल की ओर बढ़ रहे 34 किसानों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को भी कुछ किसान नेताओं को दलित प्रेरणा स्थल पर शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया था जिन्हें शाम को रिहा कर दिया गया।