वाशिंगटन (02 मई 26)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के नवीनतम प्रस्ताव से 'संतुष्ट नहीं' हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, 'वे (ईरान) एक समझौता करना चाहते हैं, मैं उससे संतुष्ट नहीं हूं, इसलिए देखते हैं कि आगे क्या होता है।' हालांकि, ट्रंप ने प्रस्ताव की 'कमियों' के बारे में विस्तार से नहीं बताया। राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले सप्ताह अमेरिकी दूतों की पाकिस्तान यात्रा रद्द होने के बाद भी बातचीत फोन पर जारी है। उन्होंने ईरानी नेतृत्व के प्रति निराशा व्यक्त की। ट्रंप ने कहा, 'वहां एक बेहद बिखरा हुआ नेतृत्व है। वे सभी समझौता करना चाहते हैं, लेकिन उनमें आपस में ही मतभेद है।' इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने यह बात दोहराई है कि अमेरिका ईरान के साथ 'युद्ध में नहीं' है, भले ही सैन्य टकराव 'वॉर पावर्स रेज़ोल्यूशन' के तहत एक अहम कानूनी सीमा तक पहुँच गया हो, जिससे व्हाइट हाउस और कांग्रेस के बीच संभावित टकराव की स्थिति बन गई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने गुरुवार को कहा कि इस समय कांग्रेस से किसी तरह की मंज़ूरी की ज़रूरत नहीं है।