Monday, 28 Sep 2026

युवाओं की आवाज दबाने पर जवाब देना पड़ेगा: राहुल

नईदिल्ली (04 सितंबर 26)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में पिछले दिनों छात्रों के प्रदर्शन में शामिल रहे कुछ युवाओं से बृहस्पतिवार को मुलाकात की और कहा कि युवाओं की आवाज दबाने वाली हर सत्ता को एक दिन जनता के सामने जवाब देना पड़ता है तथा वह दिन अब दूर नहीं है। राहुल गांधी ने इन युवाओं के साथ मुलाकात की तस्वीर 'एक्स' पर साझा किया।

राहुल गांधी ने कहा, 'भाजपा याद रखे, युवाओं की आवाज़ दबाने वाली हर सत्ता को एक दिन जनता के सामने जवाब देना पड़ता है। वह दिन अब दूर नहीं है।' उनका कहना है कि वह बिहार के उन छात्रों और युवाओं से मिले, जिन्होंने 'सिर्फ परीक्षा व्यवस्था में धांधली के खिलाफ आवाज़ उठाने पर भयंकर पुलिस बर्बरता झेली।' कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की लाठियों के साथ-साथ 'एके-47 और पिस्तौल से चली गोली ने कई छात्रों को घायल कर दिया।' उन्होंने दावा किया कि सेना में जाकर देश की सेवा करने की ख्वाहिश रखने वाले एक युवा का पैर एके-47 से घायल कर दिया और इसके साथ ही 'उनकी जिंदगी का सपना भी' टूट गया। उनके मुताबिक, 'यह कार्रवाई या तो ऊपर के आदेश का नतीजा है या फिर सत्ता की घोर नाकामी।' राहुल ने कहा, 'बिहार सरकार कुछ भी कर ले मैं इन युवाओं के साथ खड़ा हूं। इनकी हर संभव मदद करने को तैयार हूं।' उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं की आवाज दबाने वाली सत्ता को अंततः जनता के सामने जवाब देना पड़ता है और वह दिन अब दूर नहीं है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!