लंदन (10 नवंबर 26)। स्ट्रोक यानी मस्तिष्काघात का खतरा अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गया है। दुनियाभर में 55 साल से कम उम्र के लोगों में इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट लंदन के शोधकर्ता डेविड ओलावदे के अनुसार, पिछले कुछ दशकों में जहां बुजुर्गों में स्ट्रोक के मामलों में कमी आई है, वहीं युवा वयस्कों में इसका खतरा बढ़ा है। इंग्लैंड में 2001 से 2010 के बीच 35 से 54 साल की उम्र के लोगों में स्ट्रोक के मामलों में हर साल करीब दो प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके विपरीत, पूरी आबादी में इसके मामले घटे। अमेरिका में भी 1993-1994 से 2020 के बीच 20 से 54 साल के लोगों में स्ट्रोक की दर प्रति एक लाख आबादी पर सालाना 34 से बढ़कर 62 हो गई। दुनियाभर में 2021 में 55 साल से कम उम्र के करीब 28 लाख लोगों को स्ट्रोक हुआ। इनमें लगभग 90 प्रतिशत मामले निम्न और मध्यम आय वाले देशों में सामने आए। अनुमान है कि 2020 से 2030 के बीच 20 से 39 साल के लोगों में खून का थक्का जमने के कारण होने वाले इस्कीमिक स्ट्रोक के मामलों में करीब 12 प्रतिशत वृद्धि हो सकती है।
युवाओं में स्ट्रोक के 10 बड़े कारण- एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में ऐसे 10 जोखिम कारकों की पहचान की गई, जो 55 साल से कम उम्र के लोगों में होने वाले करीब 92 प्रतिशत स्ट्रोक के लिए जिम्मेदार थे। इनमें शामिल हैं: उच्च रक्तचाप: अकेले इसके कारण करीब आधे मामलों का खतरा जुड़ा पाया गया।शारीरिक गतिविधियों की कमी: नियमित व्यायाम न करना। बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल: रक्त में खराब वसा का अधिक स्तर। असंतुलित खानपान: अधिक नमक और कम पौष्टिक भोजन। मोटापा: शरीर में जरूरत से ज्यादा चर्बी जमा होना। धूम्रपान: रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचना। हृदय संबंधी समस्याएं: दिल की बीमारियों के कारण रक्त प्रवाह प्रभावित होना। मधुमेह: रक्त में शर्करा का लगातार बढ़ा रहना। शराब का सेवन: अत्यधिक शराब पीने की आदत। मनो-सामाजिक कारण: तनाव और खराब मानसिक स्वास्थ्य।
अध्ययन के अनुसार, नियमित शारीरिक गतिविधियों की कमी एक तिहाई से अधिक मामलों से जुड़ी थी। युवाओं में हाई बीपी और डायबिटीज बन रहे बड़े खतरे- ब्रिटेन में 18 से 49 साल की उम्र के 1,765 ऐसे लोगों पर अध्ययन किया गया, जिन्हें स्ट्रोक के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसमें 42 प्रतिशत मरीजों को उच्च रक्तचाप, 24 प्रतिशत को उच्च कोलेस्ट्रॉल, 23 प्रतिशत को धूम्रपान की आदत और 14 प्रतिशत को मधुमेह था। करीब सात प्रतिशत लोगों ने नशीले पदार्थों के सेवन की जानकारी दी। पिछले तीन दशकों में युवाओं में मोटापे और मधुमेह के मामले भी बढ़े हैं। ये दोनों समस्याएं उच्च रक्तचाप के साथ मिलकर स्ट्रोक का खतरा बढ़ाती हैं। परेशानी यह है कि युवा अक्सर इन बीमारियों की नियमित जांच नहीं कराते, जिसके कारण इनका समय पर पता नहीं चल पाता। एक शोध के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित 55 साल से कम उम्र के लोगों में स्ट्रोक या मिनी स्ट्रोक की आशंका अन्य लोगों की तुलना में करीब 3.5 गुना अधिक थी। वहीं, उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों में यह खतरा करीब 2.5 गुना अधिक पाया गया। हालांकि, सभी मामलों के पीछे इन जोखिम कारकों की ही भूमिका नहीं होती। खून का थक्का जमने से होने वाले स्ट्रोक के करीब आधे मामलों में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। वैज्ञानिक वायु प्रदूषण, प्रतिरक्षा प्रणाली से जुड़ी बीमारियों और अवैध नशीले पदार्थों के सेवन जैसे संभावित कारणों पर भी शोध कर रहे हैं।
युवाओं में स्ट्रोक की पहचान करना कई बार मुश्किल हो सकता है। अमेरिका में हुए एक बड़े विश्लेषण में पाया गया कि 18 से 44 साल के लोगों को स्ट्रोक होने के बावजूद आपातकालीन विभागों से घर भेजे जाने की आशंका सबसे अधिक थी। इनमें कई मरीजों ने चक्कर आने और सिरदर्द की शिकायत की थी। स्ट्रोक एसो. के एक सर्वेक्षण में भी सामने आया कि 60 साल या उससे कम उम्र के करीब एक चौथाई मरीजों ने बताया कि शुरुआत में उनकी बीमारी का गलत निदान किया गया था।