कीव (04 जून 25)। यूक्रेन के सुमी शहर पर मंगलवार को हुए रूस के रॉकेट हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत और कई अन्य के घायल हो गये। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले की निंदा करते हुए इसे ‘क्रूर' कार्रवाई करार दिया। अधिकारियों के अनुसार, तीन साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रत्यक्ष शांति वार्ता में कोई प्रगति नहीं होने के एक दिन बाद उत्तरपूर्वी शहर के केंद्र में स्थित इमारतों और एक अस्पताल पर रॉकेटों की बौछार कर दी गई। जेलेंस्की ने कहा कि सुमी पर दागे गए रॉकेटों में से एक इमारत की दीवार में घुस गया, लेकिन विस्फोट नहीं हुआ। जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, 'इस युद्ध को समाप्त करने से जुड़ी रूस की इच्छा के बारे में आपको बस इतना ही जानना चाहिए।'
उन्होंने कहा, ‘यह स्पष्ट है कि वैश्विक दबाव के बिना, अमेरिका, यूरोप और दुनिया के सभी सत्तारूढ़ लोगों की निर्णायक कार्रवाई के बिना, (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन युद्धविराम के लिए भी सहमत नहीं होंगे।' इस्तांबुल में सोमवार को हुई वार्ता में युद्धरत देशों के प्रतिनिधिमंडल मृत और घायल सैनिकों की अदला-बदली करने पर सहमत हुए थे, लेकिन युद्ध समाप्त करने के लिए उनकी शर्तें बहुत अलग रहीं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इस युद्ध में 12,000 से अधिक यूक्रेनी नागरिक मारे गए हैं, साथ ही लगभग 1,000 किलोमीटर लंबे अग्रिम मोर्चे पर दोनों पक्षों के हजारों सैनिक भी मारे गए हैं। शांति समझौते के लिए अमेरिकी नेतृत्व में जारी प्रयासों के बावजूद युद्ध जारी है। रूस के पास यूक्रेन की तुलना में बड़ी सेना और अधिक आर्थिक संसाधन हैं, लेकिन यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि उनके ड्रोन हमले ने रूस के अंदर घुसकर हवाई अड्डों पर मौजूद 40 से अधिक युद्धक विमानों को क्षतिग्रस्त या नष्ट कर दिया।