Wednesday, 30 Sep 2026

यूट्यूबर एल्विश यादव और गायक फाजिलपुरिया की संपत्ति जब्त

मुंबई (27 सितंबर 24)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यूट्यूबर सिद्धार्थ यादव उर्फ ​​एल्विश यादव और कुछ अन्य के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत संपत्तियां कुर्क की हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक अनंतिम आदेश जारी किया गया है। यादव से संघीय एजेंसी ने उनके द्वारा आयोजित पार्टियों में मादक पदार्थ के रूप में सांप के जहर के संदिग्ध उपयोग और संबंधित वित्तीय लेनदेन से संबंधित एक मामले में पूछताछ की है। केंद्रीय एजेंसी ने उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) जिला पुलिस द्वारा उनके और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी तथा आरोपपत्र का संज्ञान लेने के बाद मई में मामला दर्ज किया था और पीएमएलए के तहत आरोप लगाए थे। 

हरियाणा के गायक राहुल यादव उर्फ ​​राहुल फाजिलपुरिया, जिसका कथित तौर पर एल्विश यादव से संबंध हैं, से भी ईडी ने उक्त मामले में पूछताछ की थी। कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन तथा रेव या मनोरंजक पार्टियों के आयोजन के लिए अवैध धन का उपयोग प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में है। नोएडा पुलिस ने 17 मार्च को एल्विश यादव को उनके द्वारा आयोजित पार्टियों में मादक पदार्थ के रूप में सांप के जहर के संदिग्ध इस्तेमाल की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता रहे विवादास्पद यूट्यूबर पर नोएडा पुलिस ने स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!